वाराणसी: विदेशी युवती से दुष्कर्म मामले में अविनाश सेठ पर 25 हजार का इनाम, डीसीपी वरुणा ने की घोषणा
शादी का झांसा देकर 4 साल तक किया शोषण; पहाड़िया फ्लैट पर दूसरी लड़की संग पकड़ाया, सारनाथ पुलिस को तलाश
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म नगरी काशी में एक विदेशी मूल की युवती को शादी का झांसा देकर चार साल तक शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद से ही आरोपी युवक फरार चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी वरुणा जोन) प्रमोद कुमार ने फरार आरोपी अविनाश सेठ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
तेलियाबाग के अविनाश ने खुद को बताया था कुंवारा
मूल रूप से नेपाल की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में वाराणसी के कैंटोनमेंट (कैंट) इलाके में अपने पिता के साथ रहती है। सारनाथ पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात तेलियाबाग के रहने वाले अविनाश सेठ से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। अविनाश ने खुद को अविवाहित बताते हुए युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और उसकी मांग में सिंदूर भी भर दिया।
फ्लैट पर दूसरी लड़की के साथ पकड़ाया आरोपी
पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर अविनाश पिछले चार साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। बीती 28 मई को जब पीड़िता अचानक अविनाश के पहाड़िया स्थित फ्लैट पर पहुंची, तो उसके होश उड़ गए। वहां अविनाश एक अन्य युवती (शालिनी गुप्ता) के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था। जब पीड़िता ने इस पर आपत्ति जताई, तो अविनाश और शालिनी भड़क गए। दोनों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की और लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया।
डिप्रेशन में आकर पीड़िता ने की आत्मघाती कोशिश
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अविनाश सेठ बेहद शातिर किस्म का है। वह अब तक कई लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनका फायदा उठा चुका है। इस धोखे और प्रताड़ना से आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या का भी प्रयास किया, लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे देख लिया और उसकी जान बच गई।
पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई, सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम
घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ थाने में आरोपी अविनाश सेठ और शालिनी गुप्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
वहीं, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने आरोपी पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। जो भी व्यक्ति इस फरार आरोपी के बारे में सटीक जानकारी देगा, उसे इनाम की राशि दी जाएगी और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।