{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चौबेपुर में बहू ने घर से उड़ाए 1.80 लाख नगद और जेवर, ससुराल वालों पर ठोंका फर्जी दहेज केस

भदोही के चौरी थाने में दर्ज हुआ केस: पीड़ित ससुर पहुंचे पुलिस कमिश्नरेट, सीपी से लगाई न्याय की गुहार

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): चौबेपुर थाना क्षेत्र के अवध बिहारी मिश्रा ने अपनी बहू, उसके पिता और अन्य रिश्तेदारों पर घर से 1.80 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ससुर का कहना है कि चोरी की वारदात को छुपाने और उल्टे पूरे परिवार को फंसाने की नीयत से बहू ने भदोही जिले के चौरी थाने में झूठा दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज करा दिया है। मामले में न्याय की आस लिए पीड़ित ससुर ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा है।

शादी के कुछ ही दिनों बाद शुरू हुआ विवाद

चौबेपुर निवासी 55 वर्षीय अवध बिहारी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे प्रवीण मिश्रा उर्फ सोनू का विवाह 20 अप्रैल 2026 को भदोही जिले के चौरी थाना अंतर्गत ग्राम कोल्हड़ निवासी सोनम मिश्रा के साथ धूमधाम से किया था। शादी में हैसियत के मुताबिक सोने का नथिया, मांग टीका, आधा किलो का चांदी का पायल, झुमका और 8,80,000 रुपये का कीमती सामान व जेवरात दिए गए थे।

पीड़ित के अनुसार, शादी के बाद जब बहू की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो पता चला कि उसका शादी से पूर्व किसी युवक के साथ संबंध था और वह घंटों फोन पर बात करती थी। जब पति ने इसका विरोध किया, तो सोनम ने 9 मई 2026 को अपने पिता, चाचा और 4-5 अन्य लोगों को चौबेपुर स्थित ससुराल बुला लिया।

घर में घुसकर धमकी और 1.80 लाख नकद लेकर फरार

आरोप है कि मायके से आए लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बहू सोनम मिश्रा घर में रखे 1,80,000 रुपये नकद और चढ़ावे व जेवरात के समस्त सामान एक बोरी में भरकर अपने पिता और परिजनों के साथ मायके चली गई। पीड़ित परिवार ने जब कई बार मायके जाकर विदाई कराने और चोरी किया हुआ सामान व नगदी वापस मांगने का प्रयास किया, तो उन्हें धमकाकर भगा दिया गया।

फर्जी मुकदमे और एक्सीडेंट की आड़ में फंसाने का आरोप

अवध बिहारी मिश्रा ने बताया कि उनके दूसरे बेटे प्रदीप मिश्रा उर्फ मानू का एक्सीडेंट हो गया था, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ है। इसके बावजूद बहू ने उसके खिलाफ भी चौरी थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया है। पीड़ित का कहना है कि वे खुद पिछले 5-6 महीनों से गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं और उनका लगातार इलाज चल रहा है।

पीड़ित ने कमिश्नरेट पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि पूरी घटना चौबेपुर (वाराणसी) थाना क्षेत्र की है, जबकि भदोही के चौरी थाने में गलत तथ्य पेश कर मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने सीपी से मामले का संज्ञान लेकर चौबेपुर पुलिस को निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आदेश देने की मांग की है।