Varanasi Crime News: चोलापुर में एक माह के भीतर दूसरी बार वरिष्ठ पत्रकार के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, डेढ़ लाख का माल पार
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी गांव में बेखौफ चोरों ने वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र सिंह के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर एसी, कूलर और पीतल के बर्तन समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा लिया। पहली चोरी में मुकदमा दर्ज न होने से नाराज स्थानीय पत्रकारों में भारी आक्रोश है।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक माह के भीतर दूसरी बार एक वरिष्ठ पत्रकार के बंद मकान को अपना निशाना बनाया है। पलहीपट्टी गांव स्थित वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र सिंह के मकान का ताला तोड़कर रविवार देर रात चोर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सामान समेट ले गए। लगातार हो रही इन घटनाओं और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पत्रकार जगत में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
ताला तोड़कर घर का कीमती सामान ले उड़े चोर
जानकारी के मुताबिक, रविवार की देर रात बेखौफ चोरों ने पलहीपट्टी गांव स्थित मकान का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। चोर घर में लगा एसी, कूलर, पंखा, पुराना बक्सा और उसमें रखे पीतल के कीमती बर्तन, रजाई व गद्दे समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। सोमवार की सुबह जब घटना की जानकारी हुई, तो पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल चोलापुर पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
एक माह में दूसरी वारदात, पहली शिकायत पर नहीं हुआ था मुकदमा
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र सिंह का परिवार वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी में निवास करता है, जबकि उनके अन्य भाई भी बाहर रहते हैं। इस कारण पलहीपट्टी स्थित उनका पैतृक मकान अक्सर बंद रहता है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी चोरों ने इसी मकान का ताला तोड़कर बिजली के उपकरणों सहित अन्य कीमती सामान पार कर दिया था। उस समय पीड़ित परिवार ने चोलापुर पुलिस को लिखित तहरीर दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया और जांच के नाम पर महज खानापूर्ति की।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, पत्रकारों में रोष
पहली घटना में ठोस कार्रवाई न होने का नतीजा यह रहा कि चोरों ने महज 30 दिनों के अंदर दोबारा उसी घर में धावा बोल दिया। लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात से परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी गए सामान की जल्द बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, इस घटना को लेकर पत्रकारों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. श्याम प्रताप सिंह ने चोलापुर पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस चोरी जैसी गंभीर घटनाओं में समय पर मुकदमा दर्ज नहीं करती है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं।