Varanasi: कोचिंग संचालक पर छात्रा से जबरदस्ती और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप, केस दर्ज
पढ़ाने के बहाने बनाता था अश्लील वीडियो, विरोध करने पर मारपीट और बदनाम करने की धमकी; रास्ते में रोककर फिर किया हमला
वाराणसी,भदैनी मिरर। लालपुर-पांडेपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने कोचिंग पढ़ाने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने थाना लालपुर-पांडेपुर में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि कोचिंग के दौरान आरोपी उससे जबरदस्ती करता था और विरोध करने पर मारपीट के साथ बदनाम करने की धमकी देता था।
पीड़िता के अनुसार वह रमरेपुर, पहड़िया (वाराणसी मंडी क्षेत्र) की रहने वाली है और पढ़ाई के लिए दौलतपुर, पहड़िया स्थित एक कोचिंग पर जाती थी। वहां पढ़ाने वाले अमित कुमार नामक युवक पर उसने जबरदस्ती करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है।
विरोध करने पर करता था मारपीट
छात्रा का कहना है कि जब उसने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो वह उसे मारता-पीटता था और डराने-धमकाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली और धमकी दी कि अगर उसने कोचिंग छोड़ दी या किसी को बताया तो वह उसे बदनाम कर देगा।
कोचिंग छोड़ने के बाद भी करता रहा पीछा
पीड़िता के मुताबिक उसने डर और उत्पीड़न के कारण उस कोचिंग में जाना बंद कर दिया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा करता रहा और रास्ते में परेशान करता था।
तहरीर में छात्रा ने बताया कि 9 मार्च 2026 को जब वह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली तो रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और मारपीट की। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी।
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।