वाराणसी चेन स्नैचिंग केस: दक्षिण भारतीय महिला से लूट के आरोपी को कोर्ट से जमानत
लक्सा थाना क्षेत्र में तीर्थयात्री महिला से सोने की चेन लूटने का मामला, 40 हजार के मुचलके पर आरोपी विकास पटेल को राहत
Apr 7, 2026, 17:10 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। धार्मिक नगरी वाराणसी में तीर्थयात्रा पर आई दक्षिण भारतीय महिला से चेन लूट के मामले में आरोपी को अदालत से बड़ी राहत मिल गई है। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने आरोपी विकास पटेल को जमानत दे दी है।
अदालत ने आरोपी को 40 हजार रुपये के निजी मुचलके और एक जमानतदार प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया। आरोपी भभुआ, कैमूर (बिहार) का निवासी है। बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव, नरेश यादव, चंद्रबली पटेल और संदीप यादव ने अदालत में पक्ष रखा।
क्या है पूरा मामला?
अभियोजन पक्ष के अनुसार, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की रहने वाली पी. वेंकटलक्ष्मी अपने परिवार के साथ वाराणसी घूमने आई थीं। वे लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरी हुई थीं।
11 अगस्त 2025 की सुबह करीब 4 बजे जब वह दर्शन के लिए जा रही थीं, तभी पर्ल बिल्डिंग के पीछे गिरजाघर के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
लूट में दो जोड़ी चेन (करीब 48 ग्राम) और एक अन्य चेन (16 ग्राम) शामिल थी।
घटना के बाद लक्सा थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी विकास पटेल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 14,500 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने न केवल इस वारदात बल्कि अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात कबूल की थी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था, जहां से अब उसे जमानत मिल गई है।