वाराणसी: शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि पर उत्सव सा माहौल, संकुल में बंटे चेक; मंत्री अनिल राजभर बोले- 'आप हैं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला'
गिरिजा देवी संकुल में मानदेय चेक वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। वाराणसी के चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी संकुल में बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे देख उपस्थित शिक्षामित्रों का उत्साह दोगुना हो गया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।
शिक्षामित्र देश के भविष्य के शिल्पकार: अनिल राजभर
समारोह को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि शिक्षक और शिक्षामित्र राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। वे देश के भविष्य (नौनिहालों) को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मानदेय वृद्धि को शिक्षामित्रों के मनोबल को बढ़ाने वाला एक ऐतिहासिक कदम करार दिया।
सम्मान और आत्मसम्मान का निर्णय: रविन्द्र जायसवाल
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानदेय में यह बढ़ोतरी केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि शिक्षामित्रों के सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा निर्णय है। वहीं, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह और विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था में शिक्षामित्रों के योगदान को अपरिहार्य बताया।
चेक पाकर खिले चेहरे, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह के समापन पर अतिथियों ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप 'डमी चेक' सौंपकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षामित्र उपस्थित रहे।