{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: होटल गंगा फ्युजी से पर्यटक के लैपटॉप और दस्तावेज उड़ाने वाला 'बंटी-बबली' जोड़ा गिरफ्तार, दशाश्वमेध पुलिस को बड़ी सफलता

भीड़ कम होने का इंतजार कर रहे थे आरोपी; पत्थर गली के खंडहर नुमा मकान से पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

 

पर्यटक का 2 लैपटॉप, चार्जर, किताबें और जरूरी दस्तावेज (ATM व पैन कार्ड) समेत दोनों बैग बरामद

वाराणसी (भदैनी मिरर) : वाराणसी में पर्यटकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत काशी ज़ोन की दशाश्वमेध थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने होटल गंगा फ्युजी से एक पर्यटक के दो कीमती लैपटॉप, चार्जर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग उड़ाने वाले शातिर पति-पत्नी को चोरी के शत-प्रतिशत सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय विकास पांडेय (पुत्र राकेश चंद्र पांडेय, निवासी कौंधियारा, प्रयागराज) और उसकी 21 वर्षीय पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें दशाश्वमेध क्षेत्र की पत्थर गली के पास एक अर्धनिर्मित मकान से गिरफ्तार किया है।

भीड़भाड़ का फायदा उठाकर होटल से उड़ाया था बैग

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास पांडेय ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माफी मांगी। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर होटल गंगा फ्युजी को निशाना बनाया था। वहां ताक लगाकर उन्होंने पर्यटक का काले रंग का बैग पार कर दिया था, जिसमें दोनों लैपटॉप और अन्य कीमती सामान थे। वारदात के बाद वे दोनों माल को खपाने के लिए किसी सुरक्षित ठिकाने की तलाश में थे।

मार्केट में लैपटॉप बेचने की फिराक में थे आरोपी

गिरफ्तारी के वक्त आरोपी दशाश्वमेध के एक अर्धनिर्मित मकान में छिपे हुए थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में काफी भीड़भाड़ होने के कारण वे वहां छिपे थे ताकि जैसे ही भीड़ थोड़ी कम हो, वे दोनों लैपटॉप को स्थानीय मार्केट में किसी को बेचकर मोटी रकम कमा सकें और वहां से फरार हो जाएं। लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, सर्विलांस सेल और दशाश्वमेध पुलिस की पैनी नजरों ने उन्हें ढूंढ निकाला।

इन सामानों की हुई शत-प्रतिशत बरामदगी

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया है, जिसमें शामिल हैं- 2 कीमती लैपटॉप और उनके चार्जर, 2 बैग और 08 अदद किताबें, 2 एटीएम कार्ड, 1 पहचान पत्र (Aadhaar Omitted) और 1 पैन कार्ड, 2 चश्मा और 1 ईयर बड्स

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस त्वरित और सफल खुलासे में दशाश्वमेध चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुजमणि तिवारी, उ0नि0 शिवस्वरूप पांडेय, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह, कांस्टेबल सचिन राव, महिला कांस्टेबल सोनम सिंह, कुमारी डाली, राखी तिवारी और राजगौरव भट्ट की अहम भूमिका रही। पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन ने टीम की इस तत्परता की सराहना की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।