{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: सगरा तालाब पर अवैध अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर! नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का औचक निरीक्षण

माधोपुर स्थित ऐतिहासिक सगरा तालाब के संरक्षण के लिए नगर निगम एक्शन मोड में; सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने और तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने के आदेश।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): धर्मनगरी काशी के प्राचीन और ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा सुंदरीकरण को लेकर नगर निगम वाराणसी एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने माधोपुर स्थित प्रसिद्ध सगरा तालाब का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब परिसर और उसके आसपास फैली गंदगी व अवैध अतिक्रमण को देखकर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल सख्त कदम उठाने की हिदायत दी।

सीमांकन और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने राजस्व और नगर निगम की टीम को निर्देशित किया कि सगरा तालाब के वास्तविक क्षेत्र का तत्काल सीमांकन (पैमाइश) कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तालाब की भूमि पर जितने भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण किए गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द ध्वस्त कर हटाया जाए।

व्यापक स्तर पर चलेगा सफाई अभियान

तालाब में जमा गंदगी और जलकुंभी को लेकर नगर आयुक्त ने अधिकारियों से त्वरित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कल (सोमवार) से ही तालाब और उसके आसपास के पूरे परिसर में विशेष और व्यापक साफ-सफाई अभियान की शुरुआत की जाए।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर के तालाबों और जल निकायों के संरक्षण, पुनरुद्धार और सुंदरीकरण में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर ही वार्ता कर अग्रिम कार्रवाई की रूपरेखा तय की और कहा कि तालाब को उसके मूल और स्वच्छ स्वरूप में वापस लाना प्राथमिकता है।