{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी : दालमंडी में पहुंचा बुलडोजर, भवनों का ध्वस्तीकरण तेज

हथौड़ी और छेनी से ढहाये जा रहे थे मकान, संकरी गली में आराम से नही जा पा रहा था बुलडोजर

 

तमाम विरोध के बावजूद कोई असर न होता देख कई भवनस्वामी रजिस्ट्री के लिए आग आए

वाराणसी, भदैनी मिरर। दालमंडी चौड़ीकरण के काम में अब और तेजी आ गई। तमाम विरोध, सियासी भूचाल के बावजूद परियोजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अड़ी यूपी सरकार के निर्देश पर अभियान ने गति पकड़ ली है। दालमंडी की संकरी गलियों में बुलडोजर कार्रवाई में अभी तक दिक्कतें थीं। अब वह दिक्कतें धीरे-धीरे दूर होने लगी हैं और बुधवार को बुलडोजर प्रवेश कर दिया और भवनों के ढहाने का कार्य तेज हो गया। इस दौरान पता चला कि कई भवन स्वामी रजिस्ट्री के लिए तैयार हुए हैं। 

बताते हैं कि नगर निगम ने दालमंडी चौड़ीकरण के तहत पांच जर्जर भवनों पर कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। इस संदर्भ में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बुलडोजर भी पहुंचा और भारी फोर्स की मौजूदगी में भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई। गौरतलब है कि प्रशासन उन्हीं भवनों पर बुलडोजर चला रहा है जिनकी रजिस्ट्री हो गई है। पहले यह काम हथौड़ों और छेनी से किया जा रहा था, लेकिन काम को गति देने के लिए अब भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। दालमंडी चौड़ीकरण के लिए अब तक 184-187 चिन्हित भवनों में से लगभग 36 भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। भवन स्वामियों को अब तक 25 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के पास 60 भवनों के दस्तावेज पहुंच चुके हैं। इनकी जांच के बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। चौक थाने में एक अस्थायी कैंप कार्यालय भी बनाया गया है, जहां भवन स्वामी स्वेच्छा से रजिस्ट्री के लिए पहुंच रहे हैं।

गौरतलब है कि 221-224 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत 650 मीटर लंबी दालमंडी गली को 17.4 मीटर (लगभग 60 फीट) चौड़ा किया जाना है। इसमें 10 मीटर चौड़ी सड़क और दोनों ओर 3.7 मीटर के फुटपाथ बनाए जाएंगे। नगर निगम ने इलाके में 21से 23 भवनों को जर्जर घोषित किया है, इन्हें प्राथमिकता के आधार पर गिराया जा रहा है। इस दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा विरोध के मामले सामने आए हैं। मौके पर भारी पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान तैनात है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।