वाराणसी: मिर्जामुराद में हाईवे किनारे नाले से अज्ञात महिला का शव बरामद, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
मिर्जामुराद के राजस्थानी ढाबा के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) से सटे एक नाले में एक अधेड़ महिला का शव मिला
May 20, 2026, 19:19 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी इलाके में बुधवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बन्ना राजस्थानी ढाबा के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) से सटे एक नाले में एक अधेड़ महिला का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की शिनाख्त में जुट गए।
राहगीर की नजर पड़ने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को एक राहगीर हाईवे के किनारे बने नाले को पार करते हुए बन्ना राजस्थानी ढाबा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नाले के पानी में पड़े महिला के शव पर पड़ी। राहगीर ने तुरंत इसकी जानकारी ढाबा कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मिर्जामुराद थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
एसीपी और फोरेंसिक टीम ने किया मुआयना
हाईवे किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने मौका से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को नाले से बाहर निकलवाया और शव को पहचान व मर्चरी हाउस (शीतगृह) में रखवा दिया है।
मानसिक रूप से विक्षिप्त थी महिला
इस संबंध में थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 50 से 55 के वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। पुलिस ने आस-पास के गांवों और राहगीरों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों में चर्चा: स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों के अनुसार, उक्त महिला पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से विक्षिप्त अवस्था में हाईवे के किनारे घूमती हुई देखी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने या किसी अन्य दुर्घटना के कारण महिला नाले में गिर गई होगी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल शिनाख्त के लिए आस-पास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की तस्वीर साझा की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।