वाराणसी नाव इफ्तार केस: वादी को मिल रही धमकी, मुकदमा दर्ज
भाजयुमो नेता रजत जायसवाल ने सोशल मीडिया पर धमकी मिलने का लगाया आरोप, परिवार में दहशत
वाराणसी। वाराणसी में चर्चित नाव इफ्तार पार्टी प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। मामले के वादी और भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल को धमकी मिलने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में उन्होंने सिगरा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियां
रजत जायसवाल ने अपनी तहरीर में बताया कि उन्होंने 16 मार्च को नाव पर इफ्तार पार्टी मामले में आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इंटरनेशनल नंबर से धमकी भी दी जा रही है, जिससे उनके परिवार में भय का माहौल है।
गौरतलब है कि रजत जायसवाल की शिकायत पर ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गंगा में मांसाहार के अवशेष फेंकने के आरोप में मदनपुरा क्षेत्र के 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।