Varanasi: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की गिरफ्तारी की मांग, सपा कार्यकर्ताओं ने चेतगंज थाने में दी तहरीर
अखिलेश यादव पर अमर्यादित टिप्पणी का आरोप; एडवोकेट राजू यादव बोले— एफआईआर नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
भदैनी मिरर, वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। वाराणसी में बुधवार को एडवोकेट राजू यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने चेतगंज थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा और भाजपा सांसद के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
झूठ फैलाकर समाज को बांटने की साजिश कर रहे भाजपा सांसद: राजू यादव
चेतगंज थाने में तहरीर देने के बाद मीडिया से बातचीत में एडवोकेट राजू यादव ने भाजपा सांसद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "निशिकांत दुबे का विवादों से पुराना नाता रहा है। यह वही सांसद हैं जिन्होंने देवघर के बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसपैठ कर पुलिस के साथ मारपीट की थी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी। अब वे सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ फैलाकर समाज को बांटने और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी की छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।"
"कानून सबके लिए समान होना चाहिए, लोकतंत्र में पक्षपात क्यों?"
राजू यादव ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में दोहरी व्यवस्था चल रही है। अगर कोई समाजवादी कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ लिख देता है, तो पुलिस बिना देर किए तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज देती है। लेकिन जब सत्ता पक्ष का कोई सांसद पूर्व मुख्यमंत्री जैसे सम्मानित पद पर रहे नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करता है, तो पुलिस कार्रवाई करने में हिचकती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पक्षपात नहीं, बल्कि निष्पक्ष न्याय होना चाहिए। देश में तानाशाही नहीं, बल्कि संविधान और कानून का राज चलेगा।
कार्रवाई न होने पर 'विशाल और अहिंसापूर्ण' आंदोलन की चेतावनी
सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि बुधवार शाम तक भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता है, तो गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता के सहयोग से वाराणसी में एक विशाल एवं अहिंसापूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
तहरीर देने वालों में ये रहे शामिल: चेतगंज थाने में तहरीर देने के दौरान एडवोकेट राजू यादव के साथ मुख्य रूप से लक्ष्मी कांत 'किशमिश गुरु', प्रमोद राय, शंकर विशनानी, विकास यादव 'बच्चा', संतोष यादव, वरुण सिंह, अतुल श्रीवास्तव, इरशाद अहमद, रमाकांत जायसवाल, राहुल कन्नौजिया और शान केशरी समेत पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।