वाराणसी: कैंट विधानसभा की वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा का आरोप लगाकर सपा ने DM को सौंपा ज्ञापन
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव का आरोप: एक ही मतदाता का नाम 7-7 बार दर्ज, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी की कैंट विधानसभा क्षेत्र में प्रकाशित नई मतदाता सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव रजत वाल्मीकि के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने डीएम को प्रमाण के साथ लगभग 6 हजार ऐसे मतदाताओं की सूची सौंपी है, जिनके नाम सूची में दो से लेकर सात बार तक दर्ज हैं।
एक ही मतदाता के कई नाम और अलग-अलग पते
ज्ञापन सौंपने के बाद लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव रजत वाल्मीकि ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर वोटर लिस्ट का भौतिक सत्यापन किया था। जांच के दौरान निवेदिता, गांधी मेमोरियल, रानीपुर समेत कैंट विधानसभा के कई पोलिंग स्टेशनों की सूची में गंभीर खामियां मिली हैं।
उन्होंने प्रमाण प्रस्तुत करते हुए दिखाया कि एक ही मतदाता का नाम अलग-अलग एपिक नंबर (EPIC Number) और अलग-अलग पतों के साथ दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी लगभग 11,000 डुप्लिकेट नामों तथा 5,000 ऐसे नामों की सूची दी गई थी, जिनमें मृतक, कन्नड़-गुजराती भाषा के प्रविष्टि वाले नाम और गलत पते शामिल थे।
चुनावी प्रक्रिया की शुचिता पर उठाए सवाल
सपा नेता ने आरोप लगाया कि SIR (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया के बावजूद फर्जी नाम नहीं हटाए गए। जिन्होंने एनुमरेशन फॉर्म भरा उनका नाम काट दिया गया और जिन्होंने फॉर्म नहीं भरा, उनके नाम जोड़ दिए गए। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मतदाता सूची को दुरुस्त किए बिना चुनाव कराए गए तो निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं होगा। यदि समय रहते इन गड़बड़ियों को ठीक नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
जिलाधिकारी ने दिया जांच का आश्वासन
सपा कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए पत्रक पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष स्थलीय व अभिलेखीय जांच कराने का आश्वासन दिया है। डीएम ने कहा कि जांच के बाद पाए गए सभी डुप्लिकेट व फर्जी नामों को नियमानुसार मतदाता सूची से हटाया जाएगा।
मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए:
यदि आप अपने मतदाता पंजीकरण, वोटर लिस्ट में नाम की जांच, अथवा किसी प्रकार के संशोधन या शिकायत के संबंध में आधिकारिक जानकारी चाहते हैं, तो भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट Election Commission of India पर जा सकते हैं। अपने क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण अधिकारी या स्थानीय जिला निर्वाचन कार्यालय से संबंधित अपडेट प्राप्त करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल Chief Electoral Officer, Uttar Pradesh का अवलोकन कर सकते हैं।