{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: बाहुबली बृजेश सिंह लड़ेंगे विधानसभा चुनाव! अस्सी की प्रसिद्ध पप्पू चाय की अड़ी पर राजनीति को लेकर दिया बड़ा बयान

"न नाम की चाह, न पैसे की जरूरत, राजनीति सिर्फ सेवा के लिए"— पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह

 

वाराणसी भदैनी मिरर : वाराणसी की जमीनी राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी हलचल सामने आ रही है। अस्सी स्थित शहर की सुप्रसिद्ध 'पप्पू जी की चाय की अड़ी' पर रविवार दोपहर आयोजित एक सम्मान समारोह में पूर्व एमएलसी और बाहुबली बृजेश सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। खुद पर लगने वाले 'बाहुबली' के ठप्पे और राजनीतिक भविष्य को लेकर उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी।

"राजनीति मेरे लिए सिर्फ सेवा का माध्यम"

चाय की अड़ी पर बातचीत के दौरान जब बृजेश सिंह से पूछा गया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "हां-हां, बिल्कुल लड़ेंगे। बनारस या जहां से भी टिकट फाइनल होगा, इसकी सूचना जल्द ही आप लोगों को मिल जाएगी।"

विरोधी दलों द्वारा खुद पर लगाए जाने वाले बाहुबली के ठप्पे और चुनाव पर उसके असर को लेकर बृजेश सिंह ने कहा, "जनता हमेशा अपने सुख-दुख में शामिल होने वाले राजनीतिज्ञ को ही पसंद करती है। रघुवंश घराने का होने के नाते मेरा यह वचन है कि मैं जनता की पीड़ा में हमेशा शामिल रहूंगा। मुझे हृदय से अब किसी चीज की आवश्यकता नहीं है— न नाम की और न ही पैसे की। हमारे लिए राजनीति सिर्फ जनता की सेवा का एक माध्यम है, इस सेवा के लिए हम हमेशा तैयार रहेंगे।"

पप्पू की अड़ी पर हुआ भव्य अभिनंदन

इससे पूर्व, श्री जगन्नाथ जी ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह, ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे के अस्सी पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान अड़ी पर मौजूद लोगों ने जगन्नाथ मंदिर से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना की।

भाजपा से लड़ सकते हैं चुनाव: अशोक पांडे

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे ने आगामी श्री जगन्नाथ रथयात्रा के भव्य आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं को हवा देते हुए कहा, "बृजेश सिंह का पूरा परिवार लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़ा हुआ है और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। यह मेरी व्यक्तिगत राय है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बृजेश सिंह विधायक पद का चुनाव लड़ सकते हैं और संगठन उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकता है।"

बृजेश सिंह ने भी पूर्वांचल के विकास का संकल्प दोहराते हुए आम जनता से राष्ट्र और धर्म को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। इस बयान के बाद काशी समेत पूरे पूर्वांचल की सियासत में गर्माहट आ गई है।