{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: सारनाथ के हवेलिया चौराहे पर बिदका बारात का घोड़ा, सड़क पर गिरा दूल्हा

तेज आवाज के बीच लॉन से निकली थी बारात, हवेलिया चौराहे पर पहुंचते ही घोड़े ने मारी दुलत्ती

 

भदैनी मिरर , सारनाथ। वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत हवेलिया चौराहे के पास शुक्रवार रात एक शादी समारोह की बारात के दौरान अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज के बीच घोड़ा अचानक बिदक गया और दुलत्ती मारने लगा, जिससे घोड़े पर सवार दूल्हा सड़क पर गिर पड़ा। इस घटना में दूल्हे के साथ ही कई बराती भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मशक्कत कर घोड़े को काबू में किया और पास के पेड़ से बांध दिया।

लॉन से निकलते ही चौराहे पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हवेलिया चौराहा के पास स्थित एक लॉन में शादी समारोह आयोजित किया गया था। शुक्रवार रात दूल्हा घोड़े पर सवार होकर रोड लाइट और बैंड-बाजे के साथ लॉन से बाहर निकला। बारात जैसे ही हवेलिया चौराहे के पास पहुंची, तेज आवाज से घोड़ा भड़क गया और बेकाबू होकर दुलत्ती मारने लगा।

सड़क पर गिरा दूल्हा, बरातियों को भी लगी चोट

घोड़े के अचानक बिदकने से संतुलन बिगड़ गया और दूल्हा सड़क पर जा गिरा। वहीं, घोड़े की दुलत्ती लगने से आसपास चल रहे कई बराती भी चोटिल हो गए। घटना के बाद समारोह में कुछ देर के लिए हड़कंप और चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों व परिजनों ने घायलों को संभाला और घोड़े को सुरक्षित स्थान पर पेड़ से बांधकर स्थिति को सामान्य किया।