{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: किसान का शव पहुँचते ही गांव में दौड़ी शोक की लहर, लापरवाही से फेंसिंग के करंट से हुई थी मौत, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी: खेत की फेंसिंग में उतरे करंट की चपेट में आया था किसान, लापरवाही से मौत में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर (बरमपर) गांव में खेत की लोहे की फेंसिंग में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से जान गंवाने वाले किसान बबलू बिंद का शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा रहा। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची, जहां परिजनों और स्थानीय पुलिस के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात सब्जी के खेत में पानी भरते समय (42) वर्षीय बबलू बिंद पैर फिसलने से बगल के खेत में लगी लोहे की फेंसिंग के संपर्क में आ गए थे। आरोप है कि फेंसिंग में जानवरों को भगाने के लिए सीधे बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही परिवार में शोक का माहौल है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इस मामले में पुलिस ने विष्णु बिंद और राजकुमार बिंद के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज किया है। राजकुमार बिंद के खेत में फेंसिंग लगी होने की बात सामने आई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत की फेंसिंग में बिजली का करंट प्रवाहित किए जाने के कारण किसान की जान गई। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। और आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रहीं है।