Varanasi : 25 नवंबर को बंद रहेंगी मांस, मछली और मुर्गे की सभी दुकानें व वधशालाएं; उल्लंघन पर नगर निगम करेगा कड़ी कार्रवाई
साधु टी.एल. वासवानी जयंती के अवसर पर नगर निगम वाराणसी के पशु कल्याण विभाग ने जारी की सार्वजनिक सूचना, शासन के निर्देशों के अनुपालन में जारी हुआ आदेश
भदैनी मिरर, वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में साधु टी.एल. वासवानी (साधु थांवरदास लीलाराम वासवानी जी) की जयंती के अवसर पर बुधवार (25 नवंबर 2026) को नगर निगम वाराणसी की सीमा के अंतर्गत संचालित सभी पशु वधशालाएं तथा मांस, मछली, मुर्गा और गोश्त की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। इस संबंध में नगर निगम के पशु कल्याण विभाग द्वारा मंगलवार को सार्वजनिक सूचना जारी कर सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को शासनादेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
'अभय' अथवा 'अहिंसा दिवस' के तहत लागू रहेगा आदेश
नगर निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-1, लखनऊ द्वारा जारी शासनादेश (दिनांक 19 नवंबर 2024) के अनुपालन में महापुरुषों एवं अहिंसा के सिद्धांत का प्रतिपादन करने वाले महापुरुषों के जन्मदिवस को 'अभय' अथवा 'अहिंसा दिवस' के रूप में मनाए जाने के उद्देश्य से स्थानीय निकायों में स्थित पशु वधशालाओं व गोश्त की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नियम उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 25 नवंबर 2026 को यदि नगर निगम क्षेत्र में कोई भी पशु वधशाला अथवा मांस, मछली, मुर्गा व गोश्त की दुकान खुली पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित व्यापारियों से शासनादेश का पालन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखने और सहयोग प्रदान करने की अपील की है।