Varanasi Airport पर 25 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, Thailand से आए तीन यात्री गिरफ्तार
Lal Bahadur Shastri International Airport पर कस्टम की कार्रवाई, 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट में छिपाकर लाया गया था हाई-क्वालिटी गांजा; सभी आरोपी Gujarat के निवासी
वाराणसी, भदैनी मिरर। Varanasi के Lal Bahadur Shastri International Airport पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई-क्वालिटी हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी का खुलासा किया है। बैंकॉक से वाराणसी पहुंचे तीन यात्रियों के पास से करीब 25 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई रविवार देर रात की गई। बरामद प्रतिबंधित सामग्री को जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बैंकॉक से आई फ्लाइट में पहुंचे थे आरोपी
कस्टम विभाग के सहायक आयुक्त Devendra Kumar Yadav ने बताया कि Air India Express की फ्लाइट संख्या IX-216 से Bangkok से वाराणसी पहुंचे तीन यात्रियों की एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान संदेह हुआ। इसके बाद कस्टम टीम ने उन्हें रोककर सामान की गहन जांच की।
तलाशी के दौरान एक यात्री के बैग से 25.2394 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह विशेष किस्म का गांजा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक होती है।
12 वैक्यूम-सील्ड पाउच में छिपाया गया था गांजा
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजा 12 पारदर्शी वैक्यूम-सील्ड पैकेट में छिपाकर रखा गया था ताकि जांच के दौरान संदेह कम हो। बरामदगी के बाद पूरी खेप को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।
गुजरात के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार यात्रियों की पहचान हिमराज रामसिंग सुंदर निवासी जुनागढ़, राज कांतिलाल चौहान निवासी केशोद (जुनागढ़) और हीनाबेन भारदा निवासी वडोदरा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी Gujarat के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कस्टम विभाग ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खेप किस नेटवर्क के जरिए भारत लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों के अनुसार यह हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में काफी महंगा होता है और बड़े महानगरों में इसकी तस्करी की जाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है।