{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी एयर शो: 22 से 25 अक्तूबर तक घाट क्षेत्र में उड़ेंगे लड़ाकू विमान, 1 किमी दायरे में ड्रोन बैन; रेड अलर्ट जारी

15 से 20 लाख दर्शकों के आने की संभावना: कुंभ की तर्ज पर सुरक्षा, क्राउड मैनेजमेंट और नो-फ्लाई ज़ोन की तैयारी

 

वाराणसी में एयर शो के दौरान 'रेड अलर्ट' घोषित, घाटों के 1 किमी दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध

वाराणसी, भदैनी मिरर। काशी के आसमान में आगामी 22, 23 और 25 अक्तूबर को होने जा रहे भव्य एयर शो की तैयारियाँ युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और घाट क्षेत्र को 'रेड अलर्ट' ज़ोन घोषित किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से घाटों के आसपास करीब 1 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो से तीन लेयर का सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
 

कुंभ की तर्ज पर होंगी व्यवस्थाएं, 20 लाख लोगों के जुटने का अनुमान
 

सर्किट हाउस सभागार में प्रयागराज स्थित भारतीय वायु सेना के मध्य वायु कमान के ग्रुप कैप्टन जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में आई टीम ने वाराणसी के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हाई-लेवल बैठक की। ग्रुप कैप्टन ने बताया कि इस ऐतिहासिक एयर शो को देखने के लिए करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के जुटने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर व्यापक प्रबंध किए जाने की आवश्यकता है।

ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा के लिए बनेगी ठोस कार्ययोजना

बैठक में ग्रुप कैप्टन ने भीड़ नियंत्रण (Crowd Management), ट्रैफिक रूट, पार्किंग व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम, बैरिकेडिंग और आगंतुकों की आवाजाही को लेकर पुख्ता ब्लूप्रिंट तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी में पहले भी बड़े आयोजन होते रहे हैं, लेकिन इस बार पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए और अधिक बेहतर व तकनीक-आधारित प्रबंधन की जरूरत है।

सुरक्षा व्यवस्था को अचूक बनाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर वाराणसी के पड़ोसी जिलों की पुलिस फोर्स की भी मदद ली जाएगी, जिसके लिए अभी से पत्राचार व समन्वय शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।