Varanasi Air Show 2026: नमो घाट से डोमरी तक भव्य एयर शो की तैयारी
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को आसमान में दिखेगा फाइटर जेट्स का अद्भुत करतब; राजघाट से कटेसर तक समतल की गई 200 मीटर चौड़ी पट्टी, लगे बिजली के खंभे और अस्थायी टेंट।
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क):धर्मनगरी वाराणसी के आसमान में आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का शौर्य और हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेगा। नमो घाट से लेकर डोमरी तक प्रस्तावित इस भव्य एयर शो की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर जुट गया है। गंगा किनारे दर्शकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, प्रकाश और बैठने की अभूतपूर्व व्यवस्था की जा रही है।
गंगा किनारे 200 मीटर चौड़ी पट्टी समतल, दर्शक ले सकेंगे एयर शो का आनंद
डोमरी क्षेत्र में गंगा तट को समतल करने का काम तेजी से चल रहा है। इस विशाल कार्य को समय पर पूरा करने के लिए 100 से अधिक मजदूर और 12 भारी मशीनें (जेसीबी व बुलडोजर) लगातार काम पर लगाई गई हैं।
राजघाट पुल से लेकर कटेसर तक गंगा किनारे करीब 200 मीटर चौड़ी पट्टी को पूरी तरह समतल बना दिया गया है। इस विस्तृत जगह के तैयार हो जाने से हजारों दर्शक बिना किसी रुकावट के एक साथ खड़े होकर आसमान में फाइटर जेट्स और सूर्यकिरण/सारंग टीमों के हैरतअंगेज कारनामों का लुत्फ उठा सकेंगे।
अस्थायी बिजली के खंभे और टेंट सिटी का निर्माण
गंगा तट और घाटों पर श्रद्धालुओं व दर्शकों की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गंगा के रेतीले तट पर अस्थायी बिजली के खंभे गाड़े गए हैं और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए केबल बिछाने का काम पूरा किया जा रहा है, जिससे शाम और रात के समय पूरा क्षेत्र दूधिया रोशनी से नहा उठेगा।
इसके अलावा, डोमरी गंगा घाट पर छोटे-छोटे अस्थायी टेंट लगाए जा रहे हैं। एयर शो के रिहर्सल और मुख्य आयोजन के दौरान तीन से चार दिनों तक रुकने वाले अधिकारियों, तकनीकी कर्मियों व अतिथियों के लिए इन टेंटों का उपयोग किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: बांस-बल्ली और लोहे की जाली से बैरिकेडिंग
दर्शकों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे तटबंध पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में मजबूत बांस-बल्ली के जरिए बैरिकेडिंग की जा रही है, जिसके ऊपर सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोहे की मजबूत जाली भी लगाई जा रही है ताकि गंगा नदी की ओर किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और दर्शक सुरक्षित दायरे में रहकर इस ऐतिहासिक शो के साक्षी बन सकें।