{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में एयर शो से पहले एक्शन: कबूतरबाज के ठिकाने पर पुलिस की रेड, 2 बंदूकें व 100+ कबूतर बरामद; ग्राइंडर से कटी जालियां!

तीन मंजिला मकान में पल रहे थे कबूतर, भारी गंदगी और 100 से ज्यादा चूहे मिलने पर हुई सफाई; आदमपुर थाने की पुलिस ने संभाला मोर्चा

 

 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी में आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य 'एयर शो' के दौरान विमानों की सुरक्षा और 'बर्ड हिट' के खतरे को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को आदमपुर जोन के जेरगुल्लर मोहल्ले में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की संयुक्त टीम ने एक बड़ा और व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान मकान से कबूतर, जालियां और दो बंदूकें बरामद की गईं।

सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चला संयुक्त अभियान

एयर शो के मद्देनजर आसमान में पक्षियों की आवाजाही को नियंत्रित करने और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक लगातार चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान जेरगुल्लर मोहल्ले में स्थित एक तीन मंजिला भवन (संख्या A/20/80A-1) के स्वामी अतर जावेद उर्फ रेनी द्वारा घर पर पाले जा रहे कबूतरों को हटाया गया। भवन के सभी तलों पर कबूतर पालने के लिए लगाई गई लोहे की जालियों को ग्राइंडर मशीन से काटकर पूरी तरह जब्त कर लिया गया।

घर के अंदर मिले 100 से अधिक चूहे और दो बंदूकें

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम उस वक्त हैरान रह गई जब भवन के अंदर भारी गंदगी के बीच लगभग 100 से अधिक चूहे पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम ने तुरंत पूरे भवन की गहन साफ-सफाई कराई और संक्रमण रोकने के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया।

सबसे चौंकाने वाला मामला तब सामने आया जब जांच के दौरान घर में बने शो-बॉक्स से दो बंदूकें बरामद हुईं। सूचना मिलते ही आदमपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बंदूकों को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

अधिकारी रहे मौजूद

इस संयुक्त और सफल अभियान में पशु कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज, नगर निगम का प्रवर्तन दल, आदमपुर जोन के जोनल अधिकारी, थाना आदमपुर की पुलिस टीम और वीडीए (VDA) के अधिकारी व कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एयर शो की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।