{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: बीमा के नाम पर 17 लाख रुपये डकार गए एजेंट, रुपये मांगे तो दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

विश्वास में लेकर कराया निवेश, न मुनाफा दिया और न ही लौटाए मूल पैसे

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी में निवेश और बीमा के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले जालसाजों का नेटवर्क लगातार पैर पसार रहा है। ताजा मामला कैंट थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 'केके एसोसिएट्स' नामक बीमा कंपनी से जुड़े दो कर्मियों पर 17 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर (CP) के हस्तक्षेप के बाद कैंट पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी छानबीन शुरू कर दी है।

झांसे में लेकर ऐंठ लिए 17 लाख रुपये

कैंट थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, नई बस्ती फुलवरिया (मानिक नगर कॉलोनी) के रहने वाले सुनील कुमार कौशल ने बताया कि पंचक्रोशी रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी निवासी संदीप कुमार गौतम और सदर बाजार निवासी कमल कुमारी 'केके एसोसिएट्स' नामक बीमा कंपनी में कार्यरत थे।

इन दोनों ने सुनील कुमार को अपने विश्वास में लिया और बेहतर रिटर्न व सुरक्षित निवेश का झांसा देकर उनसे अलग-अलग किश्तों में कुल 17 लाख रुपये ले लिए। निवेश की अवधि पूरी होने के बाद जब पीड़ित ने लाभ या अपनी मूल रकम की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगे।

पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद दिए थे चेक, वे भी हुए बाउंस

काफी मिन्नतें करने के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली, तो पीड़ित सुनील कुमार कौशल ने बीते साल वाराणसी के पुलिस आयुक्त से मामले की लिखित शिकायत की थी। पुलिसिया कार्रवाई के डर से उस दौरान आरोपियों ने पैसे लेने की बात स्वीकार की थी और समझौता करते हुए संदीप कुमार गौतम ने पीड़ित को पांच चेक सौंपे थे।

लेकिन जालसाजी का आलम यह रहा कि जब सुनील ने उन चेकों को बैंक में लगाया, तो सारे चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपियों ने न तो कोई दूसरी व्यवस्था की और न ही भुगतान का कोई अन्य जरिया निकाला।

पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित सुनील कुमार का आरोप है कि चेक बाउंस होने के बाद जब उन्होंने दोबारा संदीप और कमल कुमारी से संपर्क कर अपनी गाढ़ी कमाई के पैसे वापस मांगे, तो दोनों आरोपी अपनी औकात पर आ गए। आरोपियों ने पैसे देने से साफ मना कर दिया और दोबारा तगादा करने पर जान से मरवाने की गंभीर धमकी दी।

आरोपियों के इस रवैये और धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने एक बार फिर उच्चाधिकारियों की शरण ली। कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि सीपी कार्यालय से प्राप्त निर्देश के आधार पर संदीप कुमार गौतम और कमल कुमारी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।