वाराणसी एडीजी नवीन अरोरा की सख्त निर्देश: सड़क हादसों में कमी लाने के लिए चलाएं विशेष अभियान
जोन के नौ जनपदों के कप्तानों के साथ एडीजी ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक; छठ पर्व, यातायात प्रबंधन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोरा ने शनिवार को नदेसर स्थित अपने कार्यालय सभागार में जोन के सभी नौ जनपदों के पुलिस कप्तानों (SP/SSP) के साथ महत्वपूर्ण मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से सड़क हादसों में कमी लाने, यातायात प्रबंधन, गुमशुदा बच्चों की तलाश, कानून-व्यवस्था की स्थिति और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
सड़क हादसों में कमी लाने और 'जीरो फेटेलिटी' पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एडीजी नवीन अरोरा ने निर्देश दिए कि हादसों में कमी लाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जाए। 'जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट' के लक्ष्य को पाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट, अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर दिया गया। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं के हॉट-स्पॉट चिह्नित कर वहां सुरक्षा और नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों और छठ पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी छठ महापर्व और त्योहारों के मद्देनजर एडीजी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में गुणवत्तापूर्ण गश्त और पैदल मार्च करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पोखरों और नदियों के घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अनाउंसमेंट सिस्टम, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपराधियों पर नकेल और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों और समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों को चिह्नित करने पर चर्चा हुई। बीट आरक्षी और हल्का उपनिरीक्षकों को अपने क्षेत्र के अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही एनएसए, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीआईजी रेंज वाराणसी वैभव कृष्ण, डीआईजी रेंज मिर्जापुर पूनम, डीआईजी रेंज आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह सहित जोन के सभी नौ जिलों के पुलिस कप्तान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।