{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: आभूषण से भरा बैग चोरी करने वाले आरोपी को मिली जमानत, एसीजेएम कोर्ट ने 50 हजार के मुचलके पर दिया रिहाई का आदेश

झांसी की महिला का ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हुआ था जेवरात और सामान से भरा बैग, विवेचना के दौरान सामने आया था आरोपी दिनेश कान्त दूबे का नाम

 

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी के जीआरपी कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ट्रेन यात्रा के दौरान हुए चोरी के एक मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उत्तर रेलवे) वाराणसी ने आरोपी को जमानत दे दी है। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावलियों का अवलोकन करने के बाद प्रार्थी/अभियुक्त दिनेश कान्त दूबे की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। आरोपी को 50,000-50,000 रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान राशि के प्रतिभू प्रस्तुत करने पर रिहा करने के निर्देश दिए गए हैं। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता सौम्या चौबे, अजय उपाध्याय और रवि मिश्रा ने तर्क रखे। 

क्या है पूरा मामला?


के.के. पुरी, थाना सिपरी, झांसी की रहने वाली वादीनी प्रियंका सिंह ने जीआरपी कैंट थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि वह 20 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 11107 (कोच S4, सीट नंबर 7) से झांसी से यात्रा कर रही थीं। 21 अक्टूबर को ट्रेन जब भदोही स्टेशन पहुंचने वाली थी, तब वह शौचालय गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि सामने की सीट पर रखे लोग उनका बैग चुराकर ले जा चुके हैं।

चोरी गए बैग में 7 सोने की अंगूठियां, एक चेन, एक छोटा हार, दो जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, बच्चों के कपड़े, साड़ियां और अन्य कीमती सामान मौजूद था। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी, जिसके दौरान अभियुक्त दिनेश कान्त दूबे का नाम प्रकाश में आया और पुलिस ने कुछ सामान बरामद करने का दावा किया था।


अदालत की मुख्य टिप्पणियां


सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज की गई थी और विवेचना के दौरान अभियुक्त का नाम सामने आया है। फर्द बरामदगी में किसी स्वतंत्र साक्षी की उपस्थिति का उल्लेख नहीं है। साथ ही, थाने से मंगाई गई आपराधिक इतिहास की आख्या में अभियुक्त के विरुद्ध अन्य कोई मामला दर्ज होना नहीं पाया गया। इसके अलावा, आरोपित अपराध अधिकतम सात वर्ष के कारावास से दंडनीय है और अभियुक्त 9 नवंबर से जिला कारागार में निरुद्ध था। इन सभी तथ्यों को आधार बनाते हुए अदालत ने जमानत मंजूर कर ली।