{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट का आरोप, सपा महिला सभा का पूर्वांचल विद्युत निगम मुख्यालय पर प्रचंड प्रदर्शन

सपा नेत्री रीबू श्रीवास्तव और संगीता पटेल के नेतृत्व में एमडी कार्यालय घेरा।

 

वाराणसी। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं के कथित शोषण और मनमानी बिलिंग के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला सभा ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को कैंट विधानसभा प्रभारी श्रीमती रीबू श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल और जिला अध्यक्ष शशि यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड (PVVNL) के भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

टेंडर में ₹9000 करोड़ के अतिरिक्त भार का आरोप

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्रीमती रीबू श्रीवास्तव ने केंद्र और प्रदेश सरकार की मिलीभगत पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब केंद्र सरकार ने स्मार्ट मीटर की खरीदारी के लिए ₹18,885 करोड़ निर्धारित किए थे, तो प्रदेश सरकार ने ₹27,342 करोड़ का टेंडर क्यों निकाला? यह जनता पर सीधा ₹9000 करोड़ का अतिरिक्त बोझ है। यह सरकार आम जनता की है या अडानी-अंबानी के मुनाफे के लिए चल रही है?"

'चीन के मीटर से जनता का खून चूस रही सरकार'

महिला सभा की महानगर अध्यक्ष श्रीमती संगीता पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि जो भाजपा चीन को लाल आंख दिखाने की बात करती है, वही चीन के स्मार्ट मीटर से जनता का खून चूस रही है। उन्होंने कहा, "भाजपा का स्मार्ट मीटर पीटी उषा से भी तेज भाग रहा है। महाराष्ट्र में जो मीटर ₹2600 और राजस्थान में ₹2500 का है, वह यूपी की 'रामराज्य' सरकार में ₹6016 में क्यों वसूला जा रहा है?"

बिना सहमति मीटर लगाने पर आक्रोश

सपा नेताओं ने मांग की कि जब सुप्रीम कोर्ट और केंद्रीय मंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जा सकते, तो वाराणसी में किसकी शह पर यह कार्रवाई हो रही है? उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूर, जिसे 100 दिन का काम भी नहीं मिल पा रहा, उस पर 'प्रीपेड रिचार्ज' का बोझ डालना अन्यायपूर्ण है।

चीफ इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के अंत में विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर श्री राकेश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा गया। सपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि:

  1. स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए।

  2. स्मार्ट मीटर के नाम पर की गई अतिरिक्त वसूली जनता को वापस दी जाए।

  3. बिना उपभोक्ता की अनुमति के मीटर बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगे।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से मनीष यादव, पार्वती कन्नौजिया, प्रियांशु यादव, रीना यादव, यासमीन खान, पायल जैसवाल, निशा शर्मा, मीरा मिश्रा, सीमा गुप्ता, प्रमिला यादव, सुशील विश्वकर्मा, संजय यादव, राजेश यादव, राजू साहनी, कासिम, विजय जायसवाल, कमलेश यादव, रितिका सेठ, अमिता पटेल और मनोज चौरसिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।