{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: रूपापुर ओवरब्रिज हादसे का फरार ट्रक चालक गिरफ्तार; ईनाम के चक्कर में ली थी 5 जिंदगियां

इनाम के लालच में तेज रफ्तार में सेब लदा ट्रक दौड़ा रहा था चालक, मिर्जामुराद पुलिस ने शिवरामपुर चट्टी के पास से दबोचा

 

 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मारकर 5 लोगों की जान लेने वाले फरार ट्रक चालक को मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलवार को शिवरामपुर चट्टी के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान जाबिद अहमददार (38 वर्ष) पुत्र सोना उल्लाहदार, निवासी ग्राम वासकुरा, थाना हंदवाड़ा, जिला कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर) के रूप में की है। इससे पहले पुलिस ने घटना स्थल से ही ट्रक के खलासी इम्तियाज अहमददार (41 वर्ष) को हिरासत में ले लिया था।

जल्दी माल पहुंचाने और इनाम के चक्कर में हुआ हादसा

पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक जाबिद अहमददार ने बताया कि ट्रक में सेब लदे हुए थे और उसे माल लेकर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचना था। ट्रांसपोर्टर/कंपनी की ओर से समय पर माल पहुंचाने पर उसे अतिरिक्त इनाम देने का वादा किया गया था। इसी अतिरिक्त पैसे और इनाम के लालच में वह पूरी रात ट्रक को अत्यधिक तेज गति से दौड़ा रहा था। नींद और तेज रफ्तार के कारण रूपापुर ओवरब्रिज के पास वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे स्कॉर्पियो सवार

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले 8 लोग स्कॉर्पियो से मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के लिए गए थे। दर्शन कर सोमवार सुबह सभी वापस वाराणसी लौट रहे थे।

प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रूपापुर ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो रुकी थी और कुछ लोग गाड़ी से नीचे उतरकर फोटो व सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सेब लदे ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।

5 लोगों की हुई थी दर्दनाक मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया था, जहां इलाज के दौरान और मौके पर मिलाकर कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि अन्य का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी चालक और खलासी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।