वाराणसी: नमो घाट पर डबल डेकर बजड़े से गंगा में कूदी युवती, PAC जवानों ने बचाई जान
तनाव के चलते चंदौली की युवती ने उठाया आत्मघाती कदम; 36वीं वाहिनी पीएसी के सिपाहियों ने नदी में छलांग लगाकर किया सुरक्षित रेस्क्यू
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी काशी के नमो घाट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चंदौली जिले की रहने वाली एक युवती ने डबल डेकर बजड़े (बोट) से गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में डूबता देख घाट पर सुरक्षा में तैनात 36वीं वाहिनी रामनगर पीएसी के दो जांबाज सिपाहियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए फौरन गंगा में छलांग लगा दी। जवानों के अदम्य साहस के चलते युवती को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया और समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
जवानों ने नदी में कूदकर किया रेस्क्यू
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को नमो घाट पर सैलानियों की चहल-पहल थी। इसी दौरान एक युवती अचानक डबल डेकर बजड़े के ऊपरी हिस्से से गंगा में कूद गई। गंगा में भ्रमणशील पीएसी 36वीं बटालियन के आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया और आरक्षी आशुतोष मिश्रा ने जैसे ही युवती को छलांग लगाते देखा, दोनों बिना एक पल गंवाए नदी में कूद पड़े। कड़े संघर्ष के बाद दोनों जवानों ने बेहोश हो चुकी युवती को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला।
तत्परता से बची जान, ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
युवती के बाहर निकलते ही आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए उसे एक ऑटो से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिसके बाद युवती की हालत में सुधार आया और उसकी जान बच सकी।
बीमारी और तनाव के चलते उठाया आत्मघाती कदम
होश में आने के बाद जब पुलिस ने युवती से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तहसील चकिया के चिपौड़ी गांव की रहने वाली है। युवती ने बताया कि वह काफी लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रही थी। लगातार बीमारी की वजह से वह गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में आ गई थी और इसी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
परिजनों ने जताया पुलिस का आभार
घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों द्वारा खतरे से बाहर बताए जाने और प्राथमिक उपचार पूरा होने के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने दोनों पीएसी आरक्षियों के अदम्य साहस और समय पर की गई मदद की जमकर प्रशंसा की और उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार जताया।