{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi : बाइक क्लेम लेने गए युवक को टीवीएस एजेंसी में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, दबंगों पर मुकदमा दर्ज 

घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल, पुलिस जांच में जुटी

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित मिश्री टीवीएस एजेंसी (Mishri TVS Agency) में क्लेम की जानकारी लेने गए एक युवक पर दबंगों द्वारा हमला करने और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला?


पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, महावीर मंदिर सोनकर नगर कॉलोनी निवासी समीर सोनकर अपनी आर.टी.आर. अपाचे (R.T.R. Apache) बाइक का क्लेम लेने के लिए 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे मिश्री टीवीएस एजेंसी पहुंचे थे।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फोन पर हुई वार्ता के आधार पर जब पीड़ित ने अनिल यादव के संबंध में पूछा, तो अनिल यादव भड़क गया और मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। इसके बाद अनिल यादव ने अपने साथी छोटू यादव, अक्षय मिश्रा, चौबे जी (विकलांग), गौरव और गोलू के साथ लामबंद होकर पीड़ित पर हमला बोल दिया।


अंडरग्राउंड में गिराकर पीटा, सिर और गर्दन में आई गंभीर चोटें

पीड़ित समीर सोनकर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने एकजुट होकर उन्हें एजेंसी के अंडरग्राउंड में गिराकर बेदर्दी से मारा-पीटा। इस हमले में उनके सिर, गर्दन, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। मार-पीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।

पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद है और आरोपी दबंग किस्म के व्यक्ति हैं, जिससे भविष्य में भी किसी अप्रिय घटना का अंदेशा बना हुआ है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने BNS की गंभीर धाराओं और SC/ST एक्ट में FIR
घटना की गंभीरता को देखते हुए लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा
 191 (2), 115 (2), 352, 351 (3)
इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) और 3(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।