Varanasi: मिर्जामुराद में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, दर्जनों घायल
अदलपुर स्थित शीतला धाम से दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस मौके पर पहुंची
Updated: Mar 27, 2026, 17:44 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर एक हृदय विदारक दुर्घटना घटी। मिर्जापुर के अदलपुर स्थित शीतला धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में 23 वर्षीय एक युवक की जान चली गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन
जानकारी के अनुसार, झारखंड के रांची (लातेहार) निवासी रिंकू लोहारा (23) चालक वीरेंद्र कुमार ओरांव, विनोद, मंगल, मंजू, प्रियांशु, संदीप, रिंकी, शीला, रेशमी, शिवोध, ब्रह्मदेव, प्रदीप और बल्ली। सभी (कपसेठी) के अर्जुनपुर स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करता था। शुक्रवार सुबह सभी लोग ट्रैक्टर से (मिर्जापुर) स्थित शीतला धाम दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान लालपुर से तख्खू के बउली जाने वाले मार्ग पर एक तीव्र मोड़ पर ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सीधे गड्ढे में जा गिरी।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय और दरोगा मधुसूदन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल वाराणसी के अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने रिंकू लोहारा को मृत घोषित किया। जबकि दो अन्य लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक रिंकू अपने परिवार का इकलौता सहारा था। तीन बहनों के बीच वह अकेला भाई था और ईंट भट्टे पर मजदूरी कर पूरे परिवार का पेट पालता था। इस हादसे ने एक मां से उसका इकलौता बेटा छीन लिया और एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
> नोट: सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग सवारी ढोने के लिए करना जोखिम भरा होता है, विशेषकर मोड़ों पर संतुलन बिगड़ना अक्सर बड़े हादसों का कारण बनता है।
>