{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: छठ पूजा मनाकर लौट रहे परिवार के ऑटो में तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की मौत; 5 घायल 

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित आशापुर पुराना आरटीओ तिराहे के पास मंगलवार तड़के की घटना, मटर लदे बेकाबू पिकअप ने मारी टक्कर 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आशापुर स्थित पुराना आरटीओ तिराहे के पास मंगलवार तड़के करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छठ महापर्व की खुशियां मनाकर घर लौट रहे एक परिवार के ऑटो को मटर लदे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अनमोल नगर की तरफ मुड़ते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा स्थित सत्संग नगर कॉलोनी निवासी मंगल राजभर की माता शांति देवी (65 वर्ष, पत्नी स्व. भोतू राजभर) अपने परिवार की रेखा देवी (52), रोशनी (17), अंशिका (17) और श्रेया (16) के साथ छठ पूजा संपन्न कर चंदौली की तरफ से ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। ऑटो को चंदौली निवासी मनोज उर्फ गुड्डू (47) चला रहा था।

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जैसे ही ऑटो आशापुर के पुराना आरटीओ तिराहे पर पहुंचा और अपनी दिशा से अनमोल नगर की तरफ मुड़ने लगा, तभी सामने से आ रहे मटर लदे एक अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए।

बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किए गए पांच गंभीर घायल

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को आनन-फानन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान बुजुर्ग महिला शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रेखा देवी, रोशनी, अंशिका, श्रेया और ऑटो चालक मनोज की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर (BHU Trauma Center) रेफर कर दिया गया है।

खुशियों के बीच पसरा मातम, पिकअप चालक हिरासत में

हादसे की खबर मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। कुछ ही मिनट पहले तक जो परिवार छठ पूजा के उल्लास में डूबा था, वहां पल भर में मातम पसर गया। सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले मटर लदे पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और उसके चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।