Varanasi: तेज रफ्तार कार ने पोल में मारी टक्कर, सीसीटीवी और बोर्ड क्षतिग्रस्त, तीन घायल
सूतबलपुर गेट के पास शनिवार देर रात की घटना
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के सूतबलपुर गेट के पास शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे बड़ा हादसा हो गया। सिंधोरा से भोजूबीर की ओर जा रही तेज रफ्तार काले रंग की कार (यूपी 65 एफए 2022) अनियंत्रित होकर जी वन इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने पोल से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी सीसीटीवी कैमरा और दुकान के बाहर लगे बोर्ड-बैनर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
रात में गश्त कर रहे चोलापुर पुलिस के आरक्षी कमल कुमार और होमगार्ड सुभाष यादव भोर में घटना स्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
दुकान मालिक जितेंद्र कुमार सिंह निवासी सूतबलपुर को घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे हुई। उन्होंने बताया कि जब वह गाड़ी का पीछा किए तो हरहुआ में गाड़ी टोचन करके ले जाते हुए दिखी। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी मुर्दहा में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष चोलापुर सत्यजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार ने शाम को चौकी पर शिकायत दी है। घटना की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।