वाराणसी: भदऊचुंगी में पाथवे कब्जाकर सज गया रेस्टोरेंट, जीटी रोड पर लग रहा भीषण जाम
पैदल राहगीरों का रास्ता बंद, सड़क पर अवैध पार्किंग से भदऊचुंगी डाट पुल के पास शाम होते ही रेंगने लगते हैं वाहन
भदैनी मिरर न्यूज़ डेस्क, वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित भदऊचुंगी इलाके से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ जीटी रोड पर पैदल चलने वाले राहगीरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए पाथवे पर अवैध कब्जा कर रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है। पाथवे बंद होने और सड़क पर बेतरतीब गाड़ियां खड़ी होने से भदऊचुंगी रेलवे डाट पुल के समीप हर शाम भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
पाथवे पर सजा फूड कार्ट, राहगीर सड़क पर चलने को मजबूर
भदऊचुंगी रेलवे डाट पुल से ठीक पहले ‘गोलू कचौड़ी’ नाम से एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। रेस्टोरेंट संचालक ने राहगीरों के लिए बने पाथवे पर अपना फूड कार्ट रखकर पूरे रास्ते को घेर लिया है। व्यस्त जीटी रोड होने के कारण दिनभर यहां भारी संख्या में पैदल यात्रियों का आवागमन रहता है, लेकिन पाथवे बाधित होने से मजबूरन लोगों को मुख्य सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि राहगीरों को तेज रफ्तार वाहनों के खतरे से बचाने के लिए यह पाथवे बनाया गया था, लेकिन कमर्शियल इस्तेमाल के कारण इसका उद्देश्य ही खत्म हो गया है।
शाम होते ही डाट पुल की एक लेन में लग रहा जाम
समस्या सिर्फ पाथवे पर कब्जे तक सीमित नहीं है। रेस्टोरेंट में अपनी निजी पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने के कारण यहाँ आने वाले ग्राहक अपने वाहन मुख्य सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। शाम के वक्त जब जीटी रोड, भदऊचुंगी और राजघाट पुल मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तब सड़क किनारे खड़ी इन गाड़ियों के कारण डाट पुल की एक लेन पूरी तरह बाधित हो जाती है। इसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और रफ्तार थम जाती है।
20 कदम पर मंदिर व अपार्टमेंट, दुर्घटना का बढ़ा अंदेशा
घटनास्थल से महज 20 कदम की दूरी पर एक प्रसिद्ध मंदिर और अपार्टमेंट स्थित हैं, जहाँ बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। पाथवे ब्लॉक होने के कारण इन लोगों को जान जोखिम में डालकर गाड़ियों के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
सीपी के सख्त निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होने पर उठे सवाल
वाराणसी कमिश्नरेट में हाल ही में पुलिस कमिश्नर (CP) मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया था। शहरभर में सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए गए थे। इसके बावजूद भदऊचुंगी में मुख्य मार्ग पर खुलेआम हो रहे इस अतिक्रमण पर पुलिस और नगर निगम की चुप्पी समझ से परे है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन छोटे दुकानदारों पर तो तुरंत बुलडोजर चला देता है, लेकिन इस तरह के बड़े व्यावसायिक कब्जों पर आंखें मूंद लेता है। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाथवे को खाली कराया जाए और सड़क पर हो रही अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए।