{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: महामना कैंसर संस्थान की चौथी मंजिल से कूदकर कैंसर मरीज ने दी जान, ऑपरेशन के एक दिन बाद हुआ हादसा

बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे 35 वर्षीय रामेश्वर कुमार, अस्पताल में मचा हड़कंप; पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही है मामले की जांच

 

वाराणसी

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन कैंसर संस्थान में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। संस्थान में भर्ती बिहार के एक कैंसर मरीज ने मंगलवार देर रात अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऑपरेशन के महज एक दिन बाद हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामेश्वर कुमार (35 वर्ष) पुत्र नंदकिशोर, निवासी ग्राम मोहजम्मा, थाना पारु, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। रामेश्वर पिछले कई दिनों से महामना मदन मोहन कैंसर संस्थान में अपना इलाज करा रहे थे और आईपीडी वार्ड संख्या-4 में भर्ती थे। परिजनों के मुताबिक, उनका एक दिन पहले ही सफल ऑपरेशन हुआ था।

रात करीब 12:50 बजे हुई घटना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात लगभग 12:50 बजे मरीज अचानक चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। घटना के तुरंत बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बचाने के लिए चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में لےकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है 

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या इसके पीछे अन्य कोई कारण था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।