वाराणसी: हरिद्वार से लौट रहे पश्चिम बंगाल के दर्शनार्थियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, मिर्जामुराद के पास हुआ हादसा 22 घायल
प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई दर्शनार्थियों की बस, ड्राइवर समेत 22 घायल
वाराणसी। प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के पास दर्शनार्थियों से भरी एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में बस ड्राइवर समेत 22 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 60 दर्शनार्थी सवार हो कर पश्चिम बंगाल से हरिद्वार दर्शन करने गए थे, गुरुवार को दर्शन कर सभी लोग वापसी अपने घर के लिए रवाना हुए। शुक्रवार की देर रात जब बस वाराणसी के (मिर्जामुराद) क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के समीप पहुंची, तभी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पहले से खड़ी एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। घटना के समय चीख पुकार के साथ वहां पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से सभी 22 घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। जिन्हें पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
हादसे में बस चालक समूल आचार के समेत पश्चिम बंगाल निवासी 21 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में दुर्गा कांड (53 वर्ष), मैली (49 वर्ष), सुख विश्वास (59 वर्ष), संपोंडांस (66 वर्ष), विश्वजीत साह (38 वर्ष), नोमिता वाला (56 वर्ष), शुक्ला विश्वास (58 वर्ष), लीना देय (56 वर्ष), लोक्खी घोष (50 वर्ष), शेफाली दास (59 वर्ष) इसके अलावा झुमरानी विशेष, स्माली साघोराई, सपना मित्रों, सिजोई हद्रो, ज्योति प्रिय भद्रो, शकुन, पायो प्रदीप देय, गुरुदसी सरकार, गौरी शंकर सरकार, माला सौदार एवं पूर्णिना भी घायलों में शामिल हैं। वही इस मामले पुलिस ने घटना का संज्ञान लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।