वाराणसी: मिर्जामुराद में डंपर ने 5 वर्षीय मासूम को रौंदा, दोनों पैर बुरी तरह कुचले; हालत गंभीर
वाराणसी में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रही 5 साल की मासूम को डंपर ने रौंदा, दोनों पैर कुचले
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांग्ला चट्टी के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे से सटी सर्विस लेन पर राजातालाब को तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार बालू लदे डंपर ने घर के बाहर खेल रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची को रौंद दिया। डंपर के पहिए के नीचे आने से बच्ची के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को अत्यंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद के गौर बांग्ला चट्टी निवासी चंदू की 5 वर्षीय पुत्री अन्नू दोपहर के समय अपने घर के बाहर खेल रही थी। चंदू का मकान हाईवे से सटी सर्विस लेन के बिल्कुल करीब स्थित है। मिर्जामुराद से राजातालाब की तरफ जा रहा एक डंपर सर्विस लेन पर लापरवाही से जा रहा था। आरोप है कि डंपर पर बालू लदी हुई थी। घर के बाहर खेल रही मासूम अन्नू को जब तक कुछ समझ पाती, वह भारी-भरकम डंपर की चपेट में आ गई। डंपर का पहिया बच्ची के पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह बुरी तरीके से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्ची की हालत देख परिजनों और स्थानीय निवासियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में खून से लथपथ बच्ची को गोद में उठाकर परिजन नजदीकी निजी अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने और उपचार में जुटी हुई है। बच्ची की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
इस वीभत्स घटना को देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने भागने का प्रयास कर रहे डंपर को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया और डंपर समेत चालक को बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े गए डंपर और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।