वाराणसी: मिर्जामुराद में भारी बारिश से ढही मिट्टी की दीवार, मलबे में दबकर 27 वर्षीय युवक की मौत
मिर्जामुराद: तेज बारिश के बीच दीवार गिरने से जिलाजीत भारती की दर्दनाक मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राने गांव में मंगलवार देर रात बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण पशुओं के लिए बनी कच्चे मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक जिलाजीत भारती की मौत हो गई।
1 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से निकाला गया
जानकारी के अनुसार (मिर्जामुराद) राने गांव निवासी शिवपूजन भारती का पुत्र जिलाजीत भारती (27) देर रात तेज बारिश के समय घर के पीछे जा रहा था। इसी दौरान पास में ही बनी पशुशाला की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह मलबे के नीचे दब गया। घटना को देखकर मौके पर मौजूद मां के चिल्लाने पर युवक के दोनों भाई वहां पहुंचे। भाइयों ने फावड़े से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर जिलाजीत को बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट होने के कारण परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात हादसा होने के कारण परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का दाह संस्कार कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। वह पढ़ाई के साथ कोचिंग पढ़ाता था और परिवार की आर्थिक स्थिति में मदद के लिए सेंट्रिंग का काम भी करता था। उसके पिता शिवपूजन मजदूरी करते हैं। इस अचानक हुई त्रासदी से मां और बहनें सदमे में हैं।