वाराणसी : काशी जोन में 5 दरोगाओं का तबादला, दुर्गाकुंड-अस्सी सहित 4 चौकी प्रभारियों का कार्यक्षेत्र बदला
डीसीपी गौरव वंशवाल ने कड़े रुख के साथ बदले 5 चौकियों के प्रभारी; नवीन चतुर्वेदी बने अस्सी के नए चौकी इंचार्ज, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में कानून व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस महकमे में एक महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (DCP) काशी जोन, गौरव वंशवाल ने तत्काल प्रभाव से जोन के अंतर्गत आने वाले 5 उप-निरीक्षकों (दरोगाओं) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके तबादले का आदेश जारी किया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे बड़ा एक्शन अस्सी घाट पर पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही मारपीट और हुड़दंग की घटनाओं के मद्देनजर देखा जा रहा है।
अस्सी घाट पर मारपीट की घटनाओं का गाज चौकी प्रभारी पर गिरी
विश्व प्रसिद्ध अस्सी घाट पर लगातार हो रहे विवादों और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए डीसीपी काशी जोन ने बड़ा कदम उठाया है। अस्सी चौकी प्रभारी के रूप में तैनात रहे रणजीत श्रीवास्तव को वहां से हटा दिया गया है। उन्हें अब भेलूपुर थाने के अंतर्गत आने वाली दुर्गाकुंड चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, भेलूपुर थाने पर तैनात उप-निरीक्षक नवीन चतुर्वेदी पर भरोसा जताते हुए उन्हें अस्सी चौकी की कमान सौंपी गई है। नए चौकी इंचार्ज के सामने अस्सी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अराजक तत्वों पर लगाम लगाने की बड़ी चुनौती होगी।
इन चौकियों के भी बदले गए सिपहसालार
अस्सी के अलावा काशी जोन की कई अन्य महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों में भी फेरबदल किया गया है, जो इस प्रकार है:
-
विकास मिश्रा: अब तक दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे विकास मिश्रा को चेतगंज थाने के अंतर्गत पानदरीबा चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
-
पवन पांडेय: भेलूपुर क्षेत्र की संवेदनशील बजरडीहा चौकी के प्रभारी रहे पवन पांडेय का तबादला करते हुए उन्हें अब रमना चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
-
रोहित तिवारी: अब तक चेतगंज के पानदरीबा चौकी प्रभारी के रूप में कार्यरत रहे रोहित तिवारी को अब बजरडीहा चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है।
प्रशासनिक रुख: पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह तबादले रूटीन प्रक्रिया के साथ-साथ कप्तानी के कड़े रुख को भी दर्शाते हैं। डीसीपी काशी जोन ने साफ संदेश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।