{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर में सुलभ दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले 25 दलाल गिरफ्तार, पुलिस ने बिछाया था 'सिविल ड्रेस' का जाल

ACP दशाश्वमेध के नेतृत्व में भोर में चला बड़ा अभियान; श्रद्धालु बनकर पहुंचे नए पुलिसकर्मियों ने रंगे हाथ दबोचा

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): धर्म नगरी काशी में देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों के साथ सुलभ दर्शन के नाम पर ठगी और दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में दर्शनार्थियों को झांसा देने वाले 25 दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस पूरे ऑपरेशन को बेहद फिल्मी और गोपनीय अंदाज में अंजाम दिया गया, जिसमें नए पुलिसकर्मियों ने खुद श्रद्धालु बनकर दलालों को रंगे हाथ दबोचा।

ACP दशाश्वमेध के नेतृत्व में भोर में चला अभियान

काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानीय तत्व सुलभ और जल्दी दर्शन कराने के नाम पर मोटी रकम की मांग करते हैं और मना करने पर दुर्व्यवहार करते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। रविवार भोर में 4:00 बजे से 5:00 बजे के बीच मंदिर के आसपास के इलाकों में यह महाभियान चलाया गया।

पुलिस के 'चक्रव्यूह' में ऐसे फंसे दलाल

इस पूरे अभियान की सबसे खास बात पुलिस की रणनीति रही। विभाग में हाल ही में आए नए महिला और पुरुष रिक्रूट कांस्टेबलों को इस मिशन पर लगाया गया। चूंकि इन नए पुलिसकर्मियों को स्थानीय दलाल पहचानते नहीं थे, इसलिए इन्हें सिविल ड्रेस (सादे कपड़ों) में आम दर्शनार्थियों के रूप में तंग गलियों और मंदिर द्वारों पर तैनात किया गया।

जैसे ही इन दलालों ने श्रद्धालु बने पुलिसकर्मियों को रोका, जल्दी दर्शन कराने का लालच दिया और पैसों की मांग की, वैसे ही अलर्ट खड़ी पुलिस टीम ने इन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के इस जाल में दलाल पूरी तरह फंस गए।

चौक थाने से 22 और दशाश्वमेध से 3 गिरफ्तार

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया:

"श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार और पैसे की मांग की शिकायतों पर आज सुबह 4 से 5 बजे के बीच अभियान चलाया गया। हमारे नए रिक्रूट कांस्टेबलों को सिविल ड्रेस में दर्शनार्थी बनाकर उतारा गया था। शिकायत सही पाए जाने पर थाना चौक पुलिस ने 22 और दशाश्वमेध पुलिस ने 3 व्यक्तियों (कुल 25 दलालों) को हिरासत में लिया है। इन सभी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।"

इस बड़ी कार्रवाई के बाद बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों को ठगने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक अभियान जारी रहेंगे ताकि काशी आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा या ठगी का सामना न करना पड़े।