{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: देशी मंडपम बाटी चोखा रेस्टोरेंट में खाने की शिकायत करने पर 20 कर्मचारियों ने बाप-बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, FIR दर्ज

भेलूपुर के साकेत मंडप के पास की घटना

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। भेलूपुर थाना क्षेत्र से दुर्गाकुंड साकेत मंडप के पास एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देशी मंडपम बाटी चोखा रेस्टोरेंट में परिवार के साथ खाना खाने गए एक ग्राहक को भोजन की कमी की शिकायत करना भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से भड़के रेस्टोरेंट प्रबंधन और करीब 20 कर्मचारियों (स्टाफ) ने पूरे परिवार को रेस्टोरेंट से बाहर धकेल दिया और लाठी-डंडों से बाप-बेटे को पीटा। इस मामले में पीड़ित ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।


खाने में कमी बताने पर भड़क उठा रेस्टोरेंट स्टाफ

मूल रूप से मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर (ब्रह्मदेव सिंह) के रहने वाले पीड़ित दान बहादुर सिंह की तहरीर पर भेलूपुर थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि वह मंगलवार, 16 जून 2026 को अपने बच्चों के साथ साकेत मंडप के पास स्थित बाटी चोखा रेस्टोरेंट में भोजन करने गए थे।

भोजन के दौरान जब उन्होंने परोसे गए खाने में कुछ कमी पाई, तो एक जागरूक ग्राहक के नाते उन्होंने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट काउंटर/स्टाफ से की। सुधारात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय रेस्टोरेंट का स्टाफ उल्टे ग्राहकों पर ही भड़क गया।

20 कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला, सरेराह दौड़ाकर मारा

पीड़ित दान बहादुर सिंह का आरोप है कि बहस बढ़ने पर रेस्टोरेंट के करीब 20 कर्मचारियों ने लामबंद होकर उनके परिवार को धक्का देकर रेस्टोरेंट से बाहर निकाल दिया। इसके बाद स्टाफ के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उन पर और उनके बेटे शिवम सिंह पर टूट पड़े। दबंगों ने उन्हें जान से मारने की नियत से बर्बरतापूर्वक पीटना शुरू कर दिया।

तहरीर के अनुसार, जब पीड़ित परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा, तो रेस्टोरेंट के स्टाफ ने उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और सरेआम मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दीं। 

भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस


 सहमे हुए पीड़ित परिवार ने तत्काल भेलूपुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। भेलूपुर पुलिस को दिए गए तहरीर के आधार पर रेस्टोरेंट के दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।