{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: 'संभव' जनसुनवाई में दर्ज हुईं 18 शिकायतें; अतिक्रमण, सीवर और जर्जर गलियों की समस्याओं पर नगर आयुक्त सख्त 

जनसुनवाई में विभिन्न इलाकों से पहुंचे फरियादी, सभी मामलों को पोर्टल पर अपडेट कराते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसा

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): जनसमस्याओं के त्वरित और परदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय, सिगरा में 'संभव' जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। जनसुनवाई में कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट कर संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।

इन प्रमुख समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादी

जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, जलकल, राजस्व, नामांतरण, गृहकर (हाउस टैक्स) और जर्जर भवनों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रमुख शिकायतों में सेंट्रल जेल रोड से सुरेन्द्र प्रसाद ने रास्ते पर अतिक्रमण और तरना (शिवपुर) से जितेन्द्र नारायण यादव ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। बजरडीहा से जीउत लाल गुप्ता और अहमद ने गली मरम्मत, शिवाजी नगर कॉलोनी से विधान कुमार तिवारी ने सड़क व सीवर, अशोक नगर कॉलोनी (सारनाथ) से सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव ने सड़क निर्माण और शक्तिपीठ कॉलोनी से धर्मेन्द्र कुमार सोनकर व उर्मिला देवी ने इंटरलॉकिंग कार्य के लिए प्रत्यावेदन दिया।

सारनाथ से बालजी प्रसाद और छित्तुपुर से शाहिल सिंह ने मकान टैक्स से जुड़ी समस्या रखी, जबकि अवधगर्वी (शिवाला) से शुभम प्रजापति ने मकान नंबर आवंटन को लेकर गुहार लगाई। चौक बाजार से आनंद कुमार सुरेका ने जर्जर भवन के संबंध में दो अलग-अलग शिकायतें दीं। वहीं, सोनिया से ओम प्रकाश चौरसिया ने सोनिया पोखरे और माधोपुर (सिगरा) से आनंद कुमार ने तालाब के कार्य को लेकर अपनी बात रखी। पियरी से प्रेमशंकर ने पेंशन भुगतान और बजरडीहा से गालीब ने खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने की मांग की।

नगर आयुक्त के सख्त निर्देश- तय समयसीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण

जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी और अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने एक-एक फरियादी की बात को बेहद गंभीरता से सुना। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और तय समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों को आश्वस्त किया है कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।