वाराणसी: स्कूल के लिए निकला 12 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी में 12 वर्षीय छात्र के लापता होने से हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही फूलपुर पुलिस
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 12 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर बुधवार दोपहर घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन न तो वह स्कूल पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। परिजनों की तहरीर पर फूलपुर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय छात्र बीते बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। शाम होने तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। स्कूल और आसपास के इलाकों में पता करने पर जानकारी मिली कि छात्र स्कूल पहुंचा ही नहीं था। किशोर के लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की। जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा, तो थक-हारकर परिजनों ने गुरुवार गुरुवार को फूलपुर थाने पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूलपुर पुलिस ने किशोर के पिता के लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और किशोर की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।