{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में 46 केंद्रों पर यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू: STF-खुफिया एजेंसियां अलर्ट, फोटोस्टेट व साइबर कैफे बंद

दो पालियों में हो रही परीक्षा, सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश; नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की

 
वाराणसी, भदैनी मिरर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की बहुप्रतीक्षित परीक्षा शनिवार को वाराणसी जनपद सहित पूरे प्रदेश में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। वाराणसी में इस परीक्षा के लिए कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासन ने नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियों और यूपी एसटीएफ की टीमें भी सक्रिय हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।
शहर से लेकर ग्रामीण तक प्रशासन अलर्ट
परीक्षा को लेकर वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने परीक्षा केंद्रों के बाहर मोर्चा संभाला और आने-जाने वाले अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी। वहीं, कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहे। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला परीक्षा केंद्रों पर अपने अधीनस्थों की ड्यूटियां चेक करते दिखाई दिए।
फोटोस्टेट और साइबर कैफे बंद
नकल पर रोक लगाने के लिए शासन के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री के आदान-प्रदान को रोका जा सकेगा।
दो पालियों में हो रही परीक्षा
पुलिस भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। पहचान पत्र और एडमिट कार्ड की जांच के साथ-साथ कई स्थानों पर मेटल डिटेक्टर से भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों की टीम कर रही निगरानी
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शासन स्तर से भी निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा ले रही हैं। प्रशासन का दावा है कि पूरे जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
Varanasi UP Police Bharti Exam
* UP Police Recruitment Exam Varanasi
* Varanasi 46 Exam Centres Police Bharti
* UP Police Exam Security Varanasi
* Police Bharti Exam News Varanasi
* Varanasi News 
* City News 
* Update News