{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में दो युवकों ने की आत्महत्या: पान दरीबा और शिवपुरवा में फांसी लगाकर दी जान

लक्सा में बेटे की मौत और कर्ज से परेशान व्यक्ति ने उठाया कदम, सिगरा के जयप्रकाश नगर में 25 वर्षीय युवक ने भी की खुदकुशी; पुलिस जांच में जुटी

 

वाराणसी। शहर में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। लक्सा थाना क्षेत्र के पान दरीबा और सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा इलाके में दो लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों मामलों की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

बेटे की मौत और कर्ज से परेशान था व्यक्ति

जानकारी के अनुसार लक्सा थाना क्षेत्र के पुराना पान दरीबा निवासी 44 वर्षीय महेंद्र कुमार ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनके बेटे का निधन हो गया था, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में थे।

परिजनों के मुताबिक महेंद्र कुमार ने कुछ लोगों से कर्ज भी ले रखा था, जिसके कारण वह परेशान चल रहे थे। मंगलवार को दिन में उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।


शिवपुरवा में युवक ने दी जान

वहीं सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा स्थित जयप्रकाश नगर में भी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच के लिए पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।


पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने दोनों मामलों में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।