BHU में दो छात्र गुटों में मारपीट, घायल छात्र को लेकर मचा हंगामा
रूइया छात्रावास का है घायल छात्र, पिटाई की जानकारी मिलते ही छात्रों का हजूम बिड़ला चौराहा पहुंचा
पथराव की सूचना पर पहुंची फोर्स, छात्रों को समझा कर कराया शांत
घायल छात्र पियूष तिवारी को कराया गया अस्पताल में भर्ती, फोर्स तैनात
वाराणसी, भदैनी मिरर। BHU के रुइया छात्रावास के छात्र पीयूष तिवारी की गुरूवार की दोपहर पिटाई से नाराज छात्रों ने हंगामा कर दिया और बिड़ला चौराहे पर पहुंचकर धरने पर बैठ गये। आरोप है कि पियूष तिवारी की पिटाई बिड़ला छात्रावास के छात्र ने की थी। हंगामे की सूचना पर लंका थाने की फोर्स पहुंची। काफी समझाने पर छात्र शांत हुए और रुइया छात्रावास वापस लौट गए।
बताते हैं कि पिछली बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर छात्रों में मारपीट हुई थी। इसी रंजिश को लेकर बीएचयू के संस्कृतविद्या धर्मविज्ञान संकाय के रुइया छात्रावास के सामने छात्र गुटों में मारपीट हुई। इस दौरान एक छात्र पियूष घायल हो गया। पीयूष की पिटाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र बिड़ला चौराहे पर पहुंच गए। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ है। पत्थरबाजी की सूचना मिलते हैं भारी पुलिस बल यहां मौके पर पहुंची। एक छात्र घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, विरोध प्रदर्शन के दौरान साथी की पिटाई से आक्रोशित छात्र गमछे से मुंह बांधकर खड़े रहे। छात्रों के आक्रोश को देखकर पीएसी भी बुला ली गई थी। इंस्पेक्टर लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित छात्र से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मौके पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारी ने कुछ पूर्व छात्रों के नाम बताए हैं, जो अनाधिकृत तौर पर यहां रह रहे हैं। उन्हें चिन्हित करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पियूष तिवारी को चार डिबार छात्रों ने पीटा है। इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। यह चारो बिड़ला छात्रावास में अनाधिकृत ढंग से रह रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।