बनारस स्टेशन पर 7 लाख के दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
11 बैगों में छिपाकर सुल्तानपुर से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे 23 जीवित 'इंडियन सॉफ्टशेल' कछुए; वन विभाग ने दर्ज किया मुकदमा
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क, वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के वाराणसी मंडल स्थित बनारस रेलवे स्टेशन पर वन्यजीवों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार (18 नवंबर) को रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और सीआईबी (CIB/बनारस) की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन विलेप' (Wildlife Protection) के तहत छापेमारी करते हुए दो महिला तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 7 लाख रुपये कीमत के 23 बड़े आकार के जीवित संरक्षित कछुए बरामद किए गए हैं।
11 बैगों में छिपाकर रखे गए थे दुर्लभ कछुए
बनारस आरपीएफ प्रभारी (IPF) राजेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (नंदी पार्क के पास पुराने पार्किंग प्लॉट) पर घेराबंदी कर दो महिलाओं को रोका गया।
जब उनके पास मौजूद 9 पिट्ठू बैग (Backpacks) और 2 अन्य बड़े बैगों की तलाशी ली गई, तो सुरक्षाकर्मी दंग रह गए। बैगों के भीतर अत्यंत क्रूरतापूर्वक छिपाकर रखे गए कुल 23 बड़े आकार के जीवित 'इंडियन सॉफ्टशेल कछुए' (Indian Softshell Turtles) बरामद हुए। अंतरराष्ट्रीय और अवैध बाजार में इनकी अनुमानित कीमत लगभग 7,00,000 रुपये आंकी गई है।
सुल्तानपुर और अमेठी के तालाबों से पकड़कर बंगाल ले जा रही थीं आरोपी
गिरफ्तार की गई महिला तस्करों की पहचान मनीषा (25 वर्ष) और सपना (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी भदर की निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने सुल्तानपुर और अमेठी जिलों के तालाबों से इन दुर्लभ कछुओं को पकड़ा था। वे बिना किसी वैध लाइसेंस के ट्रेन के माध्यम से इनकी अवैध बिक्री के लिए इन्हें पश्चिम बंगाल ले जाने की फिराक में थीं।
वन विभाग को सौंपे गए आरोपी और कछुए, गंभीर धाराओं में केस दर्ज
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (Wildlife Protection Act, 1972) के गंभीर उल्लंघन के इस मामले में आरपीएफ और जीआरपी ने शाम 4:05 बजे दोनों आरोपियों और बरामद किए गए सभी 23 जीवित कछुओं को औपचारिक रूप से वन विभाग (Forest Department) की टीम के सुपुर्द कर दिया।
वन विभाग, वाराणसी रेंज द्वारा इस प्रकरण में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2, 9, 39, 48B, 49B(4), 51 और 57 के तहत मुकदमा (वादा संख्या: 73/26-27, राज्य बनाम मनीषा व अन्य) दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।