{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो युवक डूबे, एक का शव मिला, आयुष की तलाश जारी

गोरखपुर से काशी घूमने आए थे 15 लोगों का परिवार; गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, एनडीआरएफ और जल पुलिस कर रही सर्च ऑपरेशन
 

 

वाराणसी। काशी के Tulsi Ghat (तुलसी घाट) पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। Gorakhpur (गोरखपुर) से परिवार के साथ काशी घूमने आए दो युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

डूबने वालों में निखिल गुप्ता (18 वर्ष) पुत्र पिंटू गुप्ता निवासी ग्राम पाण्डेयपार, पोस्ट कौड़ीराम थाना कौड़ीराम जिला गोरखपुर और आयुष उर्फ भोले (12 वर्ष) पुत्र अनिल कुमार गुप्ता निवासी ग्राम खरकूटा पोस्ट डुमरैला थाना झगहां जिला गोरखपुर शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (National Disaster Response Force) और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने गंगा नदी से निखिल गुप्ता का शव बरामद कर लिया है, जबकि 12 वर्षीय आयुष की तलाश जारी है।

गंगा स्नान के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर से करीब 15 लोगों का एक परिवार काशी घूमने और गंगा स्नान करने के लिए वाराणसी आया था। रविवार सुबह करीब सात बजे सभी लोग तुलसी घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान निखिल और आयुष नहाते-नहाते आगे बढ़ गए और अचानक गहरे पानी में चले गए।
घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों के अनुसार वहां मौजूद लोगों ने दोनों को चेतावनी दी थी कि आगे पानी गहरा है और वहां न जाएं। इस पर युवक ने कहा कि उसे तैरना आता है। इसके बाद वह छोटे बच्चे के साथ आगे बढ़ गया। कुछ ही देर बाद दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।

घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और घाट पर मौजूद लोग सदमे में आ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और राहत-बचाव टीम लगातार आयुष की तलाश में जुटी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और गहरे पानी में जाने से बचें।