{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, निजी स्कूल के चालक की मौत

हाईवे पर बेतरतीब खड़े ट्रकों के कारण आए दिन हो रहे हादसे, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम 

 

 

वाराणसी,भदैनी मिरर।  चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत तराँव गांव के पास वाराणसी-आजमगढ़ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर में निजी विद्यालय के चालक की मौत हो गई।

 

 

मृतक की पहचान नवीन मौर्य (42) पुत्र बलिराम मौर्य, निवासी सुवारी ग्राम सभा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नवीन क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और नवीन सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूचना पर पहुंची दानगंज चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर बेतरतीब खड़े ट्रकों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।