वाराणसी में दर्दनाक हादसा: मोहनसराय हाईवे पर कंटेनर ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
सड़क पार करते समय अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आया पीडब्ल्यूडी मजदूर; चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
वाराणसी / भदैनी मिरर नेटवर्क: बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में मंगलवार को एक भीषण और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया। जिले के रोहनिया थाना अंतर्गत मोहनसराय हाईवे पर सड़क पार कर रहे एक मजदूर को बेकाबू कंटेनर ने रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी भगाने की कोशिश में घायल व्यक्ति को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया।
जब शव पहिये में फंस गया, तो चालक कंटेनर को हाईवे पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मिसिरपुर भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में लेकर क्रेन की मदद से हटवाया और हाईवे पर आवागमन दोबारा बहाल कराया।
मृतक की हुई पहचान, परिवार में छाया मातम
पुलिस को मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क साधा गया। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे संजय कुमार ने मृतक की पहचान अपने छोटे भाई नंदलाल राजभर (37 वर्ष), निवासी छितौनी कोट, रोहनिया के रूप में की।
संजय ने बताया कि नंदलाल लोक निर्माण विभाग (PWD) में बतौर दिहाड़ी मजदूर काम करता था और मंगलवार सुबह ही घर से काम पर निकला था। नंदलाल दो भाइयों में छोटा था और अपने पीछे एक बेटा, दो बेटियां व पत्नी को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी अनिता देवी और मां तारा देवी समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया
रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कंटेनर को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।