वाराणसी में दर्दनाक हादसा: तेरही कार्यक्रम में आई कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, एक की मौत, दो घायल
मिर्जामुराद के खालिसपुर गाँव में हादसा: कार्यक्रम स्थल पर कार घुमाते समय हुआ हादसा, 50 वर्षीय व्यक्ति ने गंवाई जान
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार रात एक तेरही कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर कार घुमाते समय चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे पास के एक तालाब में जा गिरी। हादसे में खजूरी निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, खालिसपुर निवासी राजू कुमार के पिता की तेरही का कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाया गया था। खजूरी निवासी ओमप्रकाश सिंह अपने साथियों सुभाष, अमन और आयुष समेत कुल पांच लोगों के साथ कार से कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान कार को मोड़ते समय वह अनियंत्रित होकर तालाब में समा गई।
कार के पानी में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद अंदर फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला। पानी में काफी देर तक डूबे रहने के कारण ओमप्रकाश सिंह की हालत बेहद गंभीर हो गई थी। परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल सुभाष और अमन का इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक ओमप्रकाश सिंह अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।