{"vars":{"id": "125128:4947"}}

चोलापुर में दर्दनाक हादसा: रोटावेटर की चपेट में आकर सुभासपा नेता के बेटे की मौत

गेहूं की बुवाई के दौरान 16 वर्षीय किशोर आया चपेट में, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

 

 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज पुलिस चौकी अंतर्गत खूटहा महमूदपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे खेत में गेहूं की बुवाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोटावेटर की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

मृतक की पहचान आशु राजभर (16) पुत्र उर्मिला राजभर, निवासी खूटहा महमूदपुर, थाना चोलापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उर्मिला राजभर सुभासपा की नेता हैं।

घटना के समय किशोर खेत में गेहूं की बुवाई के दौरान ट्रैक्टर के साथ चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही दानगंज चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर व रोटावेटर को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा करा दिया है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।